मप्र / इंदौर से शिर्डी की फ्लाइट आज से, सुबह 11.15 बजे उड़ेगी, 12.35 बजे पहुंचेगी
इंदौर से शिर्डी की पहली फ्लाइट दीपावली के दिन यानी रविवार से शुरू हाे रही है। इंडिगो एयरलाइंस की ये फ्लाइट 72 सीटर विमान से चलेगी। फ्लाइट इंदौर से सुबह 11.15 बजे रवाना हाेकर दोपहर 12.35 बजे शिर्डी पहुंचेगी। इंदौर-शिर्डी सीधी फ्लाइट शुरू होने के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
साईं भक्त लंबे समय से इस फ्लाइट की मांग कर रहे थे। साईं भक्त और सेवानिवृत्त अधिकारी जेएस गुप्ता के मुताबिक इस फ्लाइट के जाने का समय काफी अच्छा है। हालांकि आने का समय शाम का होता तो एक ही दिन में जाकर आ सकते थे। दरअसल, शिर्डी फ्लाइट सुबह शिर्डी से इंदौर के लिए चलेगी। फिर यहां आकर शिर्डी जाएगी। वहीं, केंद्रीय साईं सेवा समिति के संस्थापक हरि अग्रवाल ने कहा- पहली फ्लाइट के यात्रियों का स्वागत किया जाएगा।
- ये रहेगा शेड्यूल| शिर्डी से सुबह 9.40 बजे फ्लाइट रवाना होगी और सुबह 10.55 बजे इंदौर आएगी।
- इंदौर से सुबह 11.15 बजे उड़ान भरकर दोपहर 12.35 बजे शिर्डी पहुंचेगी।
विस्तारा की इंदौर से पहली फ्लाइट शुरू हुई, दिल्ली के लिए अब नौ उड़ानें हो गईं
विस्तारा एयरलाइंस ने इंदौर से अपनी पहली फ्लाइट शनिवार से शुरू कर दी। सुबह दिल्ली से यह फ्लाइट इंदौर आई अौर फिर दिल्ली रवाना हुई। इंदौर एयरपोर्ट पर वाटर सैल्यूट देकर इसका स्वागत किया गया। पहले दिन 136 यात्री दिल्ली से इंदौर आए, जबकि 112 यात्री दिल्ली रवाना हुए।
यह फ्लाइट रोज सुबह 6.55 बजे दिल्ली से उड़कर 8.20 बजे इंदौर आएगी। फिर सुबह 8.55 बजे रवाना होकर 10.25 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसे मिलाकर इंदौर से दिल्ली के लिए अब नौ फ्लाइट हो गई है। बता दें कि 1937 में टाटा एयरलाइंस की पहली फ्लाइट इंदौर आई थी। अब विस्तारा की पहली फ्लाइट इंदौर से संचालित हुई। विस्तारा एयरलाइंस टाटा अौर सिंगापुर एयरलाइंस का संयुक्त उपक्रम है। विस्तारा 5 नवंबर से दिल्ली के लिए ही एक अौर उड़ान शुरू कर रही है। यह फ्लाइट रात को इंदौर से रवाना होगी। इसकी बुकिंग शुरू कर दी है।